शहर के किनारे एक छोटी-सी झुग्गी बस्ती थी। बरसात में वहाँ की गलियाँ कीचड़ से भर जाती थीं और गर्मियों में टीन की छतें आग की तरह तपती थीं। उसी बस्ती में रहता था एक लड़का — दीप।
दीप के पिता दिहाड़ी मजदूर थे। सुबह सूरज निकलने से पहले घर से निकल जाते और देर रात थके हुए लौटते। कभी काम मिलता, कभी नहीं। कई बार घर में इतना ही खाना होता कि माता-पिता खुद भूखे रहकर दीप और उसके भाई बहिन को खिला देते।
दीप बचपन से यह सब देखता था। उसे सबसे ज्यादा तकलीफ तब होती, जब उसके पिता फटे हुए जूतों में कई किलोमीटर पैदल काम पर जाते थे। उस दिन उसने मन ही मन एक फैसला किया —
“एक दिन मैं पापा को support करके जिंदगी बदल दूँगा।”
लेकिन सपने देखना आसान था, उन्हें पूरा करना नहीं।
उस बस्ती के बच्चे अक्सर पढ़ाई छोड़ देते थे, पर दीप अलग था। दिन में स्कूल जाता, रात को स्ट्रीट लाइट के नीचे बैठकर पढ़ाई करता। बिजली अक्सर चली जाती थी, इसलिए उसने अंधेरे में भी हार मानना नहीं सीखा।
घर की हालत खराब थी, इसलिए दसवीं के बाद उसने एक छोटी दुकान में पार्ट-टाइम काम शुरू किया। सुबह कॉलेज, शाम नौकरी और रात पढ़ाई — यही उसकी जिंदगी बन गई।
कई बार थककर उसकी आँखें बंद हो जातीं, लेकिन पिता के पसीने से भीगे चेहरे की तस्वीर उसे फिर खड़ा कर देती।
धीरे-धीरे उसकी मेहनत रंग लाने लगी। उसने मेहनत से इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला पा लिया। फीस भरना आसान नहीं था। उसने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया, ऑनलाइन छोटे-छोटे काम किए, यहाँ तक कि कई दिनों तक पैदल कॉलेज गया ताकि बस का किराया बचा सके।
कॉलेज में दूसरे छात्र महंगे लैपटॉप और ब्रांडेड कपड़े इस्तेमाल करते थे, जबकि दीप के पास पुराना सेकंड-हैंड बैग था। लोग उसका मजाक उड़ाते, लेकिन वह हल्की के smile कर देता था। उसे पता था कि गरीबी उसकी पहचान नहीं, सिर्फ उसकी शुरुआत है।
इंजीनियरिंग पूरी होने के बाद उसे एक नौकरी मिल गई। पहली सैलरी हाथ में आई तो उसने सबसे पहले अपने पिता के लिए नए जूते खरीदे।
उस दिन उसके पिता की आँखों में आँसू थे।
अब जिंदगी पहले से बेहतर थी। लेकिन दीप के अंदर एक बेचैनी थी। उसे लगता था कि वह सिर्फ नौकरी करने के लिए नहीं बना।
एक रात उसने खुद से पूछा —
“क्या मैं पूरी जिंदगी दूसरों के सपनों के लिए काम करूँगा, या अपना सपना भी पूरा करूँगा?”
यही सवाल उसकी जिंदगी का मोड़ बन गया।
नौकरी के साथ-साथ उसने एक छोटी इंस्ट्रूमेंट पेंट करने की कंपनी शुरू की। शुरुआत में उसके पास न बड़ा ऑफिस था, न कर्मचारी। वह खुद ही क्लाइंट ढूंढता और काम करता था।
कई बार क्लाइंट पैसे देने में देर करते। कई बार प्रोजेक्ट फेल हो जाते। एक समय ऐसा भी आया जब उसके पास कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं थे। लेकिन उसने हार नहीं मानी।
वह खर्च बचाने के लिए ऑटो की जगह कई किलोमीटर पैदल चलता था। दोस्तों की पार्टियों से दूर रहता। हर बचाया हुआ रुपया अपने बिजनेस में लगाता।
धीरे-धीरे उसकी ईमानदारी और मेहनत लोगों को दिखने लगी। छोटे क्लाइंट बड़े क्लाइंट में बदलने लगे। दो लोगों की टीम दस लोगों की हुई, फिर पचास की।
सालों की मेहनत के बाद वही दीप, जो कभी झुग्गी में रहता था, अब एक सफल कंपनी का मालिक बन चुका था।
लेकिन उसकी सबसे बड़ी सफलता पैसा नहीं थी।
उसकी सबसे बड़ी सफलता वह दिन था, जब उसके पिता ने मजदूरी छोड़ दी और मुस्कुराते हुए कहा —
“अब मुझे चिंता नहीं, क्योंकि मेरा बेटा जीत गया।”
दीप अक्सर अपने ऑफिस की खिड़की से शहर को देखता और सोचता —
“अगर उस दिन मैंने गरीबी को अपनी किस्मत मान लिया होता, तो शायद मैं कभी यहाँ तक नहीं पहुँच पाता।”
इस कहानी से सीख
हालात चाहे कितने भी कठिन हों, मेहनत रास्ता बना देती है।
गरीबी कमजोरी नहीं, संघर्ष की शुरुआत हो सकती है।
नौकरी अच्छी है, लेकिन बड़ा सोचने वाले लोग अवसर भी बनाते हैं।
जोखिम लेने से डरोगे, तो जिंदगी वहीं रुक जाएगी।
सफलता रातों-रात नहीं मिलती, वह छोटे-छोटे त्याग और लगातार मेहनत से बनती है।
दीप की कहानी यही बताती है —
“अगर इंसान ठान ले, तो मिट्टी की बस्ती से उठकर भी आसमान छू सकता है।”